असम में वायुसेना का सुखोई फाइटर जेट क्रैश, दोनों पायलटों की मौत

नई दिल्ली |  06 मार्च 2026

असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट क्रैश हो गया। यह हादसा प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ, जिसमें विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मृत पायलटों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है।

भारतीय वायुसेना के अनुसार यह लड़ाकू विमान नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था, तभी अचानक उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। कुछ ही देर बाद विमान रडार से भी गायब हो गया, जिससे तुरंत अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम को तलाशी अभियान के लिए मौके पर भेजा गया।

वायुसेना ने गुरुवार देर रात 1 बजकर 9 मिनट पर आधिकारिक तौर पर विमान दुर्घटना की पुष्टि की थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह 9 बजकर 14 मिनट पर एक और आधिकारिक पोस्ट में दोनों पायलटों के शहीद होने की जानकारी दी गई। हादसा जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग के पहाड़ी और घने जंगलों वाले इलाके में हुआ, जिससे बचाव और तलाशी अभियान में शुरुआती कठिनाइयाँ भी सामने आईं।

दुर्घटना के बाद वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी विशेषज्ञों और अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर विमान का ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क क्यों टूटा और हादसे के पीछे क्या कारण रहा। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या मौसम संबंधी कारणों की भी जांच की जा रही है।

भारतीय वायुसेना ने दोनों पायलटों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने दो बहादुर और समर्पित अधिकारी खो दिए हैं। साथ ही उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई है।

इस बीच, सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा दुर्घटनास्थल पर तलाशी और मलबा जुटाने का अभियान जारी है, ताकि दुर्घटना के कारणों का सही पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।