11 फरवरी 2026
नामीबिया के खिलाफ मैच में खेलना मुश्किल, दो दिन से इलाज जारी
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं और बीमारी की सटीक वजह जानने के लिए कुछ जांच भी की जा रही हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि अभिषेक को पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कब तक डिस्चार्ज किया जाएगा। ऐसे में गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और अंतिम फैसला मेडिकल सलाह के आधार पर लिया जाएगा।
दरअसल, अभिषेक को पेट से जुड़ी परेशानी पिछले मैच के दौरान ही शुरू हो गई थी। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वह बल्लेबाजी करने उतरे थे, लेकिन पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद वे फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं आए थे, जिससे उनकी तबीयत को लेकर सवाल उठने लगे थे।
उस समय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने पुष्टि की थी कि अभिषेक पेट की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि उनके पेट में थोड़ी दिक्कत है और उम्मीद है कि वे दो दिन में अगले मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। हालांकि अब हालत अपेक्षा से अधिक गंभीर निकलने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है।
टीम मैनेजमेंट फिलहाल विकल्पों पर विचार कर रहा है और अगर अभिषेक मैच के लिए फिट नहीं होते हैं तो किसी अन्य खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। युवा बल्लेबाज की अनुपस्थिति टीम की बल्लेबाजी क्रम को प्रभावित कर सकती है, क्योंकि हाल के मैचों में वह आक्रामक शुरुआत देने की भूमिका निभाते रहे हैं।
फिलहाल भारतीय टीम और प्रशंसक उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों की रिपोर्ट और मेडिकल अपडेट के बाद ही यह तय होगा कि वह कब मैदान पर वापसी कर पाएंगे।

