भोपाल। 06 अप्रैल 2026
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) ने अपनी ताकत और आधुनिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड द्वारा लाल परेड ग्राउंड में आयोजित “समग्र क्षमता निर्माण प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन” कार्यक्रम में कमांडो ने आतंकवाद से निपटने के कई रियल-टाइम सिमुलेशन दिखाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में काउंटर टेररिज्म ग्रुप (CTG) के गठन के लिए 200 करोड़ रुपए की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है। इसके तहत भोपाल के ग्राम तूमड़ा में एक अत्याधुनिक सेंटर स्थापित किया जाएगा, जो भविष्य में हर प्रकार के आतंकी और सुरक्षा खतरों से निपटने में सक्षम होगा।
इस मौके पर NSG कमांडो ने कई हाई-रिस्क ऑपरेशन्स का लाइव डेमो दिया। उन्होंने VIP काफिले पर हमले, बहुमंजिला इमारत में छिपे आतंकियों और ड्रोन अटैक जैसी परिस्थितियों से निपटने की रणनीतियां प्रदर्शित कीं। कमांडो ने हेलीकॉप्टर की मदद से इमारत में एंट्री कर आतंकियों को निष्क्रिय करने का अभ्यास भी दिखाया।
ड्रिल के दौरान कमांडो और आतंकियों के बीच हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट (करीबी लड़ाई) का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें तेज़ और सटीक एक्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए आम नागरिकों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी दिखाई गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण और प्रदर्शन से न केवल सुरक्षा बलों की तैयारी मजबूत होती है, बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
