स्थान: पटना, बिहार | दिनांक: 27 नवंबर 2026
बिहार में मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले दवा कारोबारियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की औषधि नियंत्रण टीम ने पटना समेत पांच जिलों में दवा दुकानों और डिस्ट्रीब्यूटरों के यहां छापेमारी की। जांच के दौरान एक्सपायरी दवाएं, गलत लेबल वाली औषधियां और बिना वैध लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर सामने आए। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की गईं और पटना में एक डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम भी सील कर दिया गया।
पटना समेत पांच जिलों में चला छापेमारी अभियान
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 25 और 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दवाओं की खरीद, बिक्री, भंडारण और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां कई दुकानों में दवाओं के खरीद रिकॉर्ड नहीं मिले। कुछ स्थानों पर एक्सपायरी और गलत लेबल वाली दवाएं भी पाई गईं।
पटना में एक्सपायरी दवाएं मिलने पर गोदाम सील
पटना में केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर के यहां से एक्सपायरी Cefil-CV 250 और 500 की कुल 11 स्ट्रिप जब्त की गईं। इसके अलावा 12 अन्य दवाओं के खरीद रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री रोक दी गई।
डिस्ट्रीब्यूटर गोदाम का वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका, जिसके बाद अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया।
वहीं मां भवानी ड्रग हाउस से 19,642 रुपये से अधिक मूल्य की 315 स्ट्रिप दवाएं जब्त की गईं। आशीर्वाद इंटरप्राइजेज से एक्सपायरी Nervigen Plus इंजेक्शन की 120 यूनिट जब्त की गईं, जिनकी कीमत 13,620 रुपये बताई गई है।
मधुबनी में बिना लाइसेंस बिक रही थीं 40 प्रकार की दवाएं
मधुबनी जिले के भूषण मेडिकल हॉल में जांच के दौरान वैध लाइसेंस के बिना दवाओं का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया। यहां से 40 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनका मूल्य 1,04,704 रुपये से अधिक बताया गया है।
भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित शंकर मेडिकल हॉल भी बिना लाइसेंस संचालित पाया गया। विभाग ने यहां भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
गया में पहले ही सरेंडर किए गए लाइसेंस पर चल रहा था कारोबार
गयाजी के गौरव फार्मा में जांच के दौरान पता चला कि प्रतिष्ठान पहले ही अपना लाइसेंस सरेंडर कर चुका था, इसके बावजूद दवाओं का कारोबार जारी था।
जांच में दवाओं के भंडारण और खरीद रिकॉर्ड से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। यहां रेफ्रिजरेटर और साइन बोर्ड नहीं था तथा दवाओं के कार्टन सीधे फर्श पर रखे हुए मिले।
29 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांचों जिलों में कुल 29 दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र किए हैं। पटना के चार प्रतिष्ठानों से ही 1,41,056 रुपये से अधिक मूल्य की दवाएं जब्त की गईं।
एसजी इंटरप्राइजेज में डॉक्टरों को मुफ्त दिए जाने वाले दवा के सैंपल और गलत लेबल वाली दवाएं भी मिलीं। अधिकारियों ने संबंधित दवाओं को जब्त करने के साथ आवश्यक कार्रवाई की।
दवा कारोबारियों को विभाग की सख्त चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं की खरीद, बिक्री और भंडारण में नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान का उद्देश्य बाजार में एक्सपायरी, गलत लेबल वाली और बिना वैध अनुमति के बिक रही दवाओं पर रोक लगाना तथा आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है।
